बेगूसराय/बीहट। बेगूसराय जिले के बीहट स्थित एनएच-31 पर बुधवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बीहट जागीर टोला (वार्ड संख्या-22) निवासी मुकेश कुमार, पिता टुनटुन दास, के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार अपनी मोटरसाइकिल से जीरोमाइल से बेगूसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान शेरे पंजाब होटल के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मुकेश की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद एनएच-31 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर जीरोमाइल सहायक थाना अध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। साथ ही सदर-2 एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति, प्रखंड विकास पदाधिकारी अनु रंजन कुमार, अंचलाधिकारी सूरज कांत एवं अंचल इंस्पेक्टर अमलेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के प्रयास से करीब एक घंटे बाद जाम को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
ट्रैफिक बहाल होने के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर बीहट चांदनी चौक स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए कंपनी की ओर से तत्काल सहायता के रूप में मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली सहायता राशि भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और फरार वाहन की तलाश जारी है।
