विपक्षी दलों के खिलाफ देशभर में महिलाओं का प्रदर्शन
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक को गिर जाने से बिहार सहित पूरे देश की महिलाएं आक्रोशित हैं। विपक्षी दलों पर पूरे देश में थू-थू हो रहा है। लोग यह समझ चुके हैं कि विपक्षी दलों पर कभी भी विश्वास नहीं किया जा सकता।
श्री मिश्र ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बिहार में ‘माई-बहिन सम्मान’ योजना की बात करनेवाले आज कहां गये? इनकी थोथी- दलील की पोल खुल गयी है। महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखना विपक्षी कुनबे का मुख्य एजेंडा है। ये कभी भी महिलाओं को उसका वाजिब हक नहीं दिला सकते। श्री मिश्र ने कहा कि अब महिलाएं जागरूक हो गयी हैं, वह अपने हक के लिए आवाज बुलंद करना जानती हैं। लोकसभा में महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पारित नहीं होने के खिलाफ सोमवार को पूरे देश में महिलाओं ने अपना आक्रोश प्रकट करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। पटना में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन कर बता दिया कि हक की लड़ाई में भाजपा हमेशा महिलाओं के साथ रहेगी।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण संबंधित विधेयक को लोकसभा में गिराकर विपक्षी दलों ने भारी भूल की है। इसका खामियाजा विपक्षी दलों को हर चुनाव में भुगतना पड़ेगा। विपक्षी दलों का सबसे खराब दिन आना अभी बाकी है। आधी आबादी ने अभी से मन बना लिया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में इतना कमल खिलाना है कि प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में एनडीए की सरकार बन सके। फिर महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक को पारित कराने के लिए विपक्षी दलों के मत पर आश्रित होना नहीं पड़ेगा।
