Report by Sikandar Yadav
देवघर शहर में फाइनेंस कंपनियों के नाम पर कुछ तथाकथित रेपो एजेंटों द्वारा खुलेआम दबंगई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ये लोग शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर खड़े रहते हैं और मौका मिलते ही ग्राहकों की गाड़ियां जबरन छीन लेते हैं।
सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रोहिणी फाटक के पास राजू बरनवाल उर्फ चंदन कुमार सिंह, बैजनाथपुर चौक पर नीरज कुमार शाह, दर्शनीय मोड़ पर गुलशन सिंह तथा भूर-भूर मोड़ पर यशपाल सिंह, अमित झा और कुंदन कुमार राय जैसे लोग इस कथित “रेपो बाजार” में सक्रिय हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि कई मामलों में बिना किसी कानूनी नोटिस या निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए ही वाहनों को जब्त किया जा रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर धमकी और बदसलूकी भी की जाती है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है।
कानून के अनुसार, किसी भी वाहन की रिकवरी के लिए स्पष्ट प्रक्रिया और वैध नोटिस आवश्यक होता है, लेकिन यहां इन नियमों को दरकिनार कर कार्रवाई की जा रही है। इससे यह सवाल उठता है कि आखिर इन लोगों को किसका संरक्षण प्राप्त है।
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फर्जी और दबंग रेपो एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शहर में कानून व्यवस्था को बहाल किया जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस मामले में संज्ञान लेकर इस अवैध गतिविधि पर रोक लगाता है और आम जनता को राहत मिलती है।
