दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जरमुंडी प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं और अभिलेखों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कर्म-पुस्तिका, आगत-निर्गत पंजी, परिवारवाद पत्रों के निष्पादन, नजारत, रोकड़ बही, अग्रिम भुगतान पंजी, उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र एवं वंशावली से जुड़े अभिलेखों की विस्तार से जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि आमजनों को किसी प्रकार की पेयजल समस्या न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखें तथा खराब चापानलों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू स्थिति में लाया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गठित टीम के साथ बैठक भी की, जिसमें शौचालय, पीडीएस, पेयजल आपूर्ति और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
