Humvatan
झारखण्ड

यूआईडीएआई द्वारा आधार सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में पहल, झारखंड में एएसके का विस्तार जारी

  • सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर में नए आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया

 

देवघर। लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को देवघर में एक नए आधार सेवा केंद्र (ASK) का उद्घाटन किया।
इस नए एएसके का उद्घाटन देवघर तथा आसपास के क्षेत्रों में आधार सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह केंद्र उन्नत तकनीकी सुविधाओं एवं बेहतर अवसंरचना से सुसज्जित है, जिसका उद्देश्य तेज, पारदर्शी एवं नागरिक-अनुकूल आधार नामांकन और अद्यतन सेवाएं प्रदान करना है।

पूर्व में झारखंड में यूआईडीएआई के एएसके केवल तीन जिलों रांची, धनबाद एवं पूर्वी सिंहभूम में सीमित थे। चरणबद्ध तरीके से एएसके का विस्तार किया जा रहा है और बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा एवं पलामू में नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।


इस अवसर पर सांसद निशिकांत दुबे ने आधार पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को आधार सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यूआईडीएआई के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास पारदर्शिता, दक्षता एवं सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा को बढ़ाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) अवश्य कराएं, ताकि वे छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकें तथा NEET एवं CUET जैसी परीक्षाओं में सम्मिलित हो सकें।

इस कार्यक्रम में यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के उप महानिदेशक अखिलेश कुमार गुप्ता एवं पश्चिम बंगाल के निदेशक सुबोदीप चौधरी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
यह नया एएसके उन्नत अवसंरचना एवं नागरिक-केंद्रित सुविधाओं से युक्त है। इसमें दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए समर्पित काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें सुगमता से सेवाएं प्राप्त हो सकें।
यह नया एएसके देवघर एवं संथाल परगना क्षेत्र में आधार सेवाओं की गुणवत्ता एवं दक्षता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएगा, जिसमें त्वरित प्रसंस्करण, कम अस्वीकृति दर तथा जन्म पंजीकरण संख्या (BRN) आधारित बाल नामांकन की सुविधा शामिल है। इस एएसके के दैनिक संचालन का कार्य बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।

Related posts

निगम अधिकारियों के लिए तीन महीने में नियमावली

Humvatan

जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक: एआई के माध्यम से शिक्षा को नई दिशा देने पर जोर

Humvatan

उपायुक्त ने तकनीकी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की

Humvatan

Leave a Comment