Humvatan
झारखण्ड

होली 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक

दुमका। होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने को कहा गया, ताकि किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर तत्काल नियंत्रण रखा जाए तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जो आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी समुदाय आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड में रहें तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव दिए। उन्होंने अपील किया कि लोग प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का प्रयोग करें और किसी पर जबरन रंग न डालें। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन आमजन के सहयोग से ही पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न करा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति का बैठक किया जाएगा और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। हुड़दंग की घटनाओं को रोकने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।

Related posts

धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

Humvatan

चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन शक्ति मंदिर में माँ ब्रह्मचारिणी के रूप में दर्शन

Humvatan

टाटा स्टील ने सुकिंदा, ओडिशा में जिम्मेदार खनन और जल प्रबंधन को सुदृढ़ किया

Humvatan

Leave a Comment