धनबाद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आज दूसरे दिन चैत्र नवरात्र के तहत माता ब्रह्मचारिणी के रूप में श्रद्धालुओं को दर्शन प्राप्त हुए। शहर के शक्ति मंदिर में माता रानी का भव्य श्रृंगार क्रीम रंग की साड़ी और आकर्षक फूलों से किया गया, जिससे पूरा दरबार भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
मंदिर में माता रानी को भोग-प्रसाद अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की बुकिंग लगातार बढ़ती जा रही है। इस वर्ष चैत्र नवरात्र के यजमान अशोक अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी पूजा अरोड़ा हैं, जबकि विधिवत पूजन पंडित मुकेश पाण्डेय द्वारा कराया जा रहा है।
भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के पीछे प्रांगण में विशेष आरती की व्यवस्था की गई है। “हाथों में ले के दीया करें मां की आरती” भजन के साथ श्रद्धालु आरती में शामिल हो रहे हैं। हल्की बारिश के बावजूद भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
मंदिर समिति द्वारा आरती के लिए दीयों की व्यवस्था की गई है, साथ ही एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिससे दूर खड़े श्रद्धालु भी आरती का आनंद ले पा रहे हैं।
पूरी मंदिर कमिटी, प्रबंधन समिति, महिला एवं पुरुष सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं।
