छिपादोहर (लातेहार)। बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छिपादोहर थाना क्षेत्र के गम्हरिया डैम में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गम्हरिया डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतकों की पहचान विशाल परहिया (18 वर्ष), पिता उपेंद्र परहिया, निवासी छिपादोहर तथा मनोज परहिया (32 वर्ष), निवासी बरवाडीह (नटवाबर) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मनोज परहिया छिपादोहर में अपने ससुराल में रह रहा था। उसके परिवार में एक 2 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
