पटना। शक्तिधाम राणीसती मंदिर में दादीजी होली मिलन महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। मंदिर के मुख्य संस्थापक अमर अग्रवाल ने बताया कि चार दिवसीय श्याम फाल्गुन महोत्सव के प्रथम दिन परंपरानुसार दादीजी होली मिलन महोत्सव आयोजित किया जाता है।इस अवसर पर दादीजी का श्रृंगार देशी-विदेशी पुष्पों से अत्यंत आकर्षक ढंग से किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तगण दादीजी के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम में शक्तिधाम महिला मंडल की शकुन्तला अग्रवाल, चंदा पोद्दार, सरिता बंका, रेखा मोदी, प्रीति अग्रवाल, सरोज बंका, रिमझिम सर्राफ, इंदिरा खंडेलवाल, अनुसुइया खेतान, रेणु बजाज, प्रेम लता गोयल, सरिता चौधरी, सीमा माखरिया, आदि दादीजी से होली मिलन में भाग ले रही थी।
मंदिर परिसर में महिलाओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दादी फागुन की आयो बहारङ्घ, उत्सव में उड़े गुलालङ्घ एवं मैयाजी थ्हारी बेटी हूँङ्घ जैसे भजनों पर श्रद्धालु महिलाएं झूम उठीं और अबीर-गुलाल अर्पित कर होली का आनंद लिया। होली खेलने से पूर्व श्रद्धालुओं ने दादीजी के चरणों में अबीर-गुलाल अर्पित कर मंगल कामनाएं कीं। इस अवसर पर दादीजी को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा 51 बत्तियों के दीपों से भव्य महाआरती संपन्न हुई। तत्पश्चात भक्तों के बीच मालपुआ, खीर एवं समोसा का प्रसाद वितरित किया गया। मुख्य संस्थापक अमर अग्रवाल ने बताया कि श्याम फाल्गुन महोत्सव भक्तों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है।
आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में अमर अग्रवाल, ओम पोद्दार, रमेश मोदी, अक्षय अग्रवाल, विकास पोद्दार सहित अन्य लगे हुए थे। एम पी जैन ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन 26 फरवरी (गुरुवार) को प्रात: 10 बजे निशान शोभायात्रा पुष्प विहार अपार्टमेंट, एक्जीविशन रोड से प्रारंभ होकर भट्टाचार्या रोड, पीरमुहानी, कदमकुआं, जहाजी कोठी, हथुआ मार्केट, बाकरगंज, गांधी मैदान, होटल मौर्या एवं विस्कोमान भवन होते हुए महाराजा अग्रसेन मार्ग स्थित शक्तिधाम मंदिर पहुंचेगी।कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर भक्तिरस और उत्सव के रंग में सराबोर रहा।
